गुजरात के 6 नगर निगमों के चुनाव में एक बार फिर बीजेपी का पलड़ा भारी दिख रहा है. बीजेपी को जामनगर, राजकोट, वडोदरा और भावनगर नगर निगम में बहुमत मिल गया है, जबकि सूरत और अहमदाबाद में वो बहुमत के करीब पहुंच गई है. इस चुनाव में कांग्रेस को खासा नुकसान हुआ है. सूरत इस मामले में अहम है क्योंकि यहां आम आदमी पार्टी का खाता खुल गया है, आम आदमी पार्टी ने यहां 23 सीटों पर जीत हासिल की है तो बीजेपी के खाते में 93 सीटें चली गई हैं. वहीं असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM को अहमदाबाद में चार सीटें मिलती दिख रही हैं, हालांकि अब तक के रूझानों के मुताबिक वहां 192 सीटों में से ज्यादातर सीटें बीजेपी के ही खाते में जा सकती हैं. इसी बीच गृहमंत्री अमित शाह भी गुजरात पहुंच चुके हैं.