ऑस्ट्रेलिया ने दुनिया का पहला ऐसा कानून पारित किया है जिसके तहत फेसबुक और गूगल को अपने प्लेटफॉर्म पर खबरों के लिए भुगतान करना होगा. गुरुवार को ये कानून हाउस ऑफ़ रिप्रजेंटेटिव्स में पारित किया गया. इस क़ानून में ये व्यवस्था की गई है कि टेक कंपनियां न्यूज़ सामग्री के लिए भुगतान करें. हालांकि, अब तक ये साफ नहीं हुआ है कि उन्हें कितना भुगतान करना होगा. ये क़ानून एक संगठन के रूप में मीडिया संस्थाओं को टेक कंपनियों से नेगोशिएट करने की ताकत देगा ताकि उस सामग्री की कीमत तय हो सके जो कि टेक कंपनियों की न्यूज़ फीड और सर्च रिज़ल्ट्स में नज़र आती है. हालांकि इस कानून को टेक कंपनियों की ओर से किए गए समझौते के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि बीते हफ्ते ही सरकार के साथ इन कंपनियों की बात हुई थी.