गर्मियों में तेज धूप की वजह से हमारे शरीर में पानी की कमी हो जाती है. ऐसे में सही मात्रा में लिक्विड इन्टेक करना हमारे लिए बहुत जरूरी होता है. यदि आप गर्मियों में पानी के साथ साथ कुछ फलों के जूस का सेवन करते हैं तो यह आपके शरीर को हाइड्रेटेड रखने और एनर्जी देने में भी मदद करता है. आज हम आपको गर्मियों में कौन से फलों का जूस पीना चाहिए और इनके फायदों के बारे में बताएंगे.
नींबू पानी
गर्मी के मौसम में नींबू पानी का सेवन किसी अमृत से कम नहीं होता है. नींबू में अच्छी मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है. नींबू पानी पीने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती है और शरीर में पोषण भी बना रहता है. ये आपकी इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद कर सकता है.
तरबूज का जूस
गर्मियों में हमें बार-बार प्यास लगती है और कई बार खूब सारा पानी पीने के बाद भी ऐसा लगता है जैसे प्यास अभी भी बुझी ना हो. गर्मी के मौसम में तरबूज के सेवन से आप इस समस्या से बच सकते हैं. तरबूज खाना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है. इसमें पानी, मीठा और पोटेशियम भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं.
अनार का जूस
अनार में विटामिन ए, सी और ई भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. साथ ही अनार में फॉलिक एसिड, एंटीऑक्सीडेंट और एंटीवायरल प्रोपटीज भी होती हैं. गर्मी के मौसम में अनार के जूस का सेवन जरूर करें.
बनाना मिल्क शेक
जब भी किसी को शरीर में एनर्जी की कमी महसूस होती है तो उसे केला खाने की सलाह दी जाती है. केला एनर्जी बूस्टर का काम करता है. इसमें विटामिन ए, बी-6, सी, फाइबर, मैग्नीशियम, आयरन और पोटेशियम प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. गर्मी के मौसम में थकावट और शरीर में पानी की समस्या हो जाती है. ऐसे में आप दूध और केले का मिल्क शेक पिएं. इसके पीने से शरीर में लंबे समय तक एनर्जी बनी रहती है.
गन्ने का जूस
गन्ने के रस में नेचुरल शुगर, सोडियम, पोटेशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स पाए जाते हैं, जिनकी कमी होने पर हमें बार बार प्यास लगती है. इसलिए गर्मियों में इसका सेवन करने से ना सिर्फ हमें ठंडक मिलती है बल्कि गन्ने का रस हमारे शरीर को डिहाइड्रेशन से भी बचाता है.
नारियल पानी
नारियल पानी में विटामिन सी, पोटेशियम, मैग्नीशियम, फाइबर भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. नारियल पानी पीने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है. साथ ही शरीर के टॉक्सिक सबस्टांसेस शरीर से बाहर निकल जाते हैं, जिससे शरीर स्वस्थ रहता है.