फरवरी 2020 में हुए दिल्ली दंगों को लेकर गुरूवार को दिल्ली विधानसभा में जमकर बवाल देखने को मिला. दरअसल ओखला से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान ने दंगों के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया. दिल्ली विधानसभा की वेलफेयर ऑफ माइनॉरिटी कमेटी की पहली रिपोर्ट सदन में रखते हुए अमानतुल्लाह खान ने कहा कि दंगा भड़काने के पीछे भाजपा नेता रागिनी तिवारी और कपिल मिश्रा हैं. फिर उन्होंने दिल्ली पुलिस को लेकर सवाल उठाए और कहा कि आखिर किसके इशारे पर दिल्ली पुलिस पुलिस काम कर रही थी, क्या बीजेपी इसमें शामिल नहीं है? क्या बीजेपी के गृहमंत्री इसमें शामिल नहीं हैं? इसपर राजधानी के गांधीनगर से भाजपा विधायक अनिल बाजपेयी वेल में आ गए और हंगामा करने लगे. जिसपर आपत्ति जताते हुए विधानसभा स्पीकर ने अनिल बाजपेयी को मार्शल आउट करने का निर्देश दिया, फिर हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा.