दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम (Chhatrasal Stadium) में पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में गिरफ्तार ओलिंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार (Sushil Kumar) की रिमांड फिर बढ़ गई है. इससे पहले सुशील को छह दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया था. शनिवार को रोहिणी कोर्ट (Rohini Court) ने सुनावई के बाद सुशील की पुलिस रिमांड 4 दिन और बढ़ा दी है. दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने अदालत से सुशील कुमार की सात दिन की रिमांड मांगी थी.
पुलिस का कहना है कि सुशील कुमार उस जघन्य अपराध का मास्टर माइंड है, जिसमें एक युवा पहलवान की मौत हुई थी. पुलिस ने कोर्ट को बताया कि पिछले 6 दिनों के दौरान दोनों आरोपी पुलिस के साथ जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं. इनसे पूछताछ के बाद कुछ और जरूरी सबूत मिल सकते हैं. बता दें कि सुशील कुमार ने 4 मई को छत्रसाल स्टेडियम में अपने साथियों के साथ सागर, भगत और सोनू को लाठी और हॉकी से बुरी तरह पीटा था. इससे सागर की मौत हो गई थी. जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें 23 मई को उसके एक सहयोगी अजय कुमार के साथ गिरफ्तार किया था.