कोरोना की संभावित तीसरी लहर (Corona Third Wave) को लेकर दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने तैयारी शुरू कर दी है. सरकार ने मेडिकल स्टाफ की कमी को ध्यान में रखते हुए 5 हजार हेल्थ असिस्टेंट (Health Assistant appointment) तैयार करने का प्लान बनाया है, जिन्हें बेसिक ट्रेनिंग दी जाएगी. इसका ऐलान खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके किया.
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में ऑक्सीजन सिलेंडर और उनकी स्टोरेज की तैयारी अस्पतालों में हो रही है, वहीं मेडिकल स्टाफ की कमी को देखते हुए 5000 हेल्थ असिस्टेंट तैयार करने का प्लान बनाया गया है. इसके लिए 5000 युवाओं को दिल्ली के 9 मेजर मेडिकल इंस्टीट्यूट में 2 हफ्ते की बेसिक ट्रेनिंग दी जाएगी.
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये सभी युवा, डॉक्टर और नर्स के निर्देश पर काम करेंगे. होम केयर या फर्स्ट एड में इनकी मदद ली जाएगी. टीका लगाने, BP जांचने, डायपर चेंज करना, सैम्पल लेने का काम ये ट्रेनी कर सकेंगे. ये लोग जितने दिन काम करेंगे उस हिसाब से इन्हें सैलरी मिलेगी. इसके लिए 17 जून से आवेदन किया जा सकेगा.