देश में कोरोना की दूसरी लहर (Second wave of corona) हर गुजरते दिन के साथ कमजोर पड़ती जा रही है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) के ताजा आंकड़े भी इसकी तस्दीक करते हैं. जिसके मुताबिक गुरुवार को 24 घंटे में देश में 62,480 नए कोरोना केस (New corona case) आए और 1587 संक्रमितों की मौत हुई है. इससे पहले बुधवार को 67,208 केस दर्ज किए गए थे. गुरुवार को ही 24 घंटे में 88,977 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं.
इसके अलावा कुछ और आंकड़े हैं जो सुकून देते हैं. मसलन देश में 58 दिनों बाद मौत की संख्या 2 हजार से कम हुई है. इसके अलावा 73 दिनों बाद एक्टिव केसों की संख्या (Number of active cases) 8 लाख से कम हुई है. देश में फिलहाल 7 लाख 98 हजार 656 एक्टिव केस हैं. कुल कोरोना मरीजों की बात करें तो उनकी संख्या बढ़कर दो करोड़ 97 लाख 62 हजार 793 हो गई है जबकि मरने वालों का आंकड़ा 3 लाख 83 हजार 490 हो गया है. वैक्सीनेशन के मोर्चे पर बात करें तो वहां भी अच्छी खबर है. गुरुवार को 24 घंटे में देश में 32 लाख 59 हजार टीके लगाए गए. इससे वैक्सीनेशन का कुल आंकड़ा बढ़कर 26 करोड़ 89 लाख हो गया है.