देश में कोविड-19 की दूसरी लहर चल रही है. ऐसे में नीति आयोग (NITI Ayog) के वाइस चेयरमैन राजीव कुमार (Rajeev Kumar) ने कहा कि इससे कंज्यूमर और इन्वेस्टर दोनों के सेंटिमेंट में बड़ी अनिश्चितता पैदा होगी. देश को इसके लिए तैयार रहने की जरूरत है. कुमार ने रविवार को कहा कि इस स्थिति से निपटने को सरकार जरूरत होने पर राजकोषीय उपाय करेगी. गौरतलब है कि मोदी सरकार ने साल 2020 में कोरोना संक्रमण (corona virus) के दौरान 20 लाख करोड़ रुपए का राहत पैकेज की घोषणा की थी. राजीव कुमार ने इस बात को स्वीकार किया कि संक्रमण के मामले बढ़ने की वजह से मौजूदा स्थिति पूर्व की तुलना में अधिक कठिन हो गई है. राजीव कुमार ने कहा कि भारत पूरी तरह से COVID-19 को हराने की कगार पर था, लेकिन देश में ब्रिटेन और अन्य देशों के कोरोना स्ट्रेन ने इस बार हालात को और ज्यादा मुश्किल बना दिया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इतनी खराब स्थिति होने के बावजूद इस वित्तीय वर्ष में भारत की अर्थव्यवस्था 11 प्रतिशत बढ़ जाएगी.