ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को राउरकेला में भारत के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का शिलान्यास किया. राज्य सरकार ने हॉकी विश्व कप 2023 से पहले स्टेडियम का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है. नए हॉकी स्टेडियम का नाम स्वतंत्रता सेनानी 'बिरसा मुंडा' के नाम पर रखा जाएगा और इसमें हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए अब तक की सबसे आधुनिक हॉकी सुविधाएं होंगी. यह स्टेडियम बीजू पटनायक विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित होगा. मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि 20 हजार से अधिक के बैठने की क्षमता वाला यह देश का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा. यह हॉकी के लिए वैश्विक स्टेडियम डिजाइन में एक नया बेंचमार्क भी स्थापित करेगा.