श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर जमीन के सौदे (Land Deal) में कथित घपले के दावे पर अब सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने इसे अधर्म करार दिया है. सोमवार को एक ट्वीट (Tweet) के जरिए प्रियंका ने कहा कि करोड़ों लोगों ने आस्था और भक्ति के चलते भगवान के चरणों में चढ़ावा चढ़ाया. उस चंदे का दुरुपयोग अधर्म है, पाप है, उनकी आस्था का अपमान है.
वहीं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला (Randeep Surjewala) ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री मोदी से तीन सवाल पूछे. साथ ही उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को मिले चंदे और इसके खर्च की सुप्रीम कोर्ट से जांच करवाए जाने की भी बात कही. सुरजेवाला ने कहा कि पीएम देश को ये बताएं कि क्या आस्था का सौदा करने वाले लोगों को उनका संरक्षण प्राप्त है.