पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच चल रहे गतिरोध के सर्दियों में भी कम होने के आसार नहीं दिख रहे हैं. भारत-चीन सीमा पर हजारों की संख्या में तैनात चीनी सैनिकों को कड़ाके की ठंड से निपटने के लिए हाई-टेक उपकरण मुहैया कराए गए हैं. गुरुवार को खुद चीन के रक्षा मंत्रालय की तरफ से ये जानकारी दी गई. मंत्रालय ने कहा कि सर्दियों में ठहरने के संदर्भ में सैनिकों को नए, खोले जा सकने वाले और खुद से गर्मी पैदा करने वाले केबिन उपलब्ध कराए गए हैं, जो सैन्यकर्मियों द्वारा खुद बनाए जा सकते हैं. चीनी रक्षा मंत्रालय के इस बयान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चीन अपनी सेना को क्षेत्र में माइनस 40 डिग्री तक तापमान पहुंच जाने पर भी पीछे नहीं हटाएगा. चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल वु चुआन ने कहा कि भोजन के भंडारण के लिए नए थर्मल इंसुलेशन उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं. इसके अलावा बर्फीले इलाकों में तुरंत भोजन पकाने के लिए नए तरह के उपकरण अभी परीक्षण के दौर से गुजर रहे हैं.