J&K Delimitation: चुनाव आयोग ने बताया है कि परिसीमन आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा (Election Commission) के साथ केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर का 6 जुलाई से लेकर 9 जुलाई तक दौरा करेगा. यानि J&K में परिसीमन को लेकर तैयारियां तेज होने वाली हैं. आयोग ने बताया कि ये लोग अपने इस J&K दौरे में राजनीतिक दलों, सरकारी अफसरों और जनता के नुमाइंदों से चर्चा करेंगे.
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने जम्मू कश्मीर के सभी राजनीतिक दलों को दिल्ली बुलाकर उनसे चर्चा की थी. बैठक के बाद पीएम ने कहा था कि जम्मू कश्मीर में जल्द चुनाव की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. हालांकि जम्मू कश्मीर के सियासी दलों की मांग है कि पहले J&K को राज्य का दर्जा मिले फिर चुनाव हो.
पीएम के साथ मीटिंग के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने कहा था कि - हमें पहले डिलिमिटेशन उसके बाद चुनाव और फिर राज्य का दर्जा मंजूर नहीं है. हम पहले परिसीमन, फिर राज्य का दर्जा और तब जाकर चुनाव चाहते हैं. गुपकार गठबंधन (Gupkar Alliance) के सभी दलों की ओर से गुलाम नबी आजाद ने भी पीएम के साथ बैठक में पहले राज्य का दर्जा लौटाने की मांग की थी.