उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद (Firozabad) जिले में डेंगू बुखार (dengue) से शुक्रवार तक 50 से ज्यादा लोगों की जान (death toll) चली गई, साथ ही अस्पतालों में मरीजों के आने का सिलसिला जारी है. बढ़ते मामलों की रोकथाम और बीमारी के पहलुओं पर गौर करने के लिए अब केंद्र सरकार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञों की 6 सदस्यीय टीम को (Centre sends team) फिरोजाबाद भेजा है.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिनेश कुमार प्रेमी ने कहा कि डेंगू और वायरल बुखार से अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है. जिले में 10 इलाके, 9 ब्लॉक और एक नगर निगम क्षेत्र प्रभावित हैं. उन्होंने बताया कि जिले में 36 एक्टिव कैंप हैं और फिलहाल 3,719 लोगों का वहां इलाज चल रहा है.
दो हफ्ते पहले “वायरल फीवर” फैलने के बाद से फिरोजाबाद में अब तक कम से कम 40 बच्चों की मौत हो चुकी है. वहीं डीएम ने लापरवाही बरतने के आरोप में तीन डॉक्टरों को निलंबित कर दिया है, साथ ही मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त एक्शन की बात कही है.
फिरोजाबाद की तरह मथुरा, एटा, मैनपुरी और आगरा से भी डेंगू जैसे बुखार के मामले सामने आए हैं, जो फिलहाल UP प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बन गया है.