हरियाणा (Haryana) के करनाल में शनिवार को किसानों के विरोध प्रदर्शन (Protest) और पुलिस के लाठीचार्ज के बीच सोशल मीडिया पर SDM आयुष सिन्हा के वायरल हो रहे वीडियो से बवाल मच गया है. वीडियो में SDM पुलिसकर्मियों से कहते दिख रहे हैं कि प्रदर्शनकारी किसानों को बैरिकेडिंग से आगे नहीं आने देना है. अगर कोई जाता है तो लाठी से उनका सिर फोड़ देना. किसी निर्देश की जरूरत नहीं है, उठा-उठा कर मारना. हम किसी भी तरह से सिक्योरिटी ब्रीच नहीं होने देंगे.
वीडियो के वायरल होते ही SDM की आलोचना के साथ खट्टर सरकार पर चौतरफा सवाल उठने लगे. कांग्रेस ने जहां खट्टर सरकार को जनरल डायर की सरकार बताया, वहीं खुद बीजेपी के नेता वरुण गांधी ने ट्वीट किया कि मैं उम्मीद करता हूं कि इस वीडियो को एडिट किया गया हो और ऐसा ना कहा गया हो... नहीं तो लोकतांत्रिक भारत में नागरिकों के साथ ऐसा करना अस्वीकार्य है.
उधर इस मामले में SDM ने सफाई दी है कि प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव शुरू करने के बाद जवाबी कार्रवाई में ये निर्देश जारी किया गया था.