देश हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस (Kargil Vijay Diwas) मनाता है. ये मौका है उन रणबांकुरों को याद करने का जिनके अदम्य साहस और बलिदान की बदौलत भारत ने करगिल युद्ध में विजय पाई. 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुई इस लड़ाई पर बॉलीवुड में भी कई फिल्में बनी हैं. आज चर्चा ऐसी ही फिल्मों की जिन्होंने कारगिल युद्ध और इसके नायकों को रुपहले पर्दे पर उतारा-
LOC कारगिल : 2003
जेपी दत्ता द्वारा निर्देशित यह फिल्म खासी लोकप्रिय हुई थी. फिल्म में संजय दत्त (Sanjay Dutt), सुनील शेट्टी, सैफ अली खान और अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan) समेत कई दूसरे कलाकारों ने काम किया था. फिल्म में कारगिल युद्ध की करीब करीब पूरी कहानी को समेटा गया था और 4 घंटे, 15 मिनट की ये फिल्म दुनिया की सबसे लंबी फिल्मों में से एक है. बताया जाता है कि इस फिल्म में असली गोला-बारूद और हथियारों का इस्तेमाल किया गया था. मसलन कई सीन असली बोफोर्स FH-77B आर्टिलरी के साथ शूट किए गए थे जबकि फायरिंग सीक्वेंस स्टॉक फुटेज थे.
धूप : 2003
फिल्म धूप (Dhoop: 2003) की कहानी कारगिल युद्ध के दौरान शहीद हुए कैप्टन अनुज नय्यर के परिवार से प्रेरित है. उनके पिता एसके नय्यर की भूमिका स्वर्गीय ओम पुरी (Om Puri) ने निभाई थी और मां सविता कपूर की भूमिका रेवती ने निभाई थी. कैप्टन अनुज नय्यर की शाहदत को सलाम करते हुए सरकार ने उनके परिवार को पेट्रोल पंप अलॉट किया था लेकिन शहीद के पिता को लाल फीताशाही का सामना करना पड़ा और और सम्मान स्वरूप मिले पेट्रोल पंप के लिए अच्छा-खासा संघर्ष करना पड़ा.
लक्ष्य : 2004
यह फिल्म एक्टर ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) द्वारा निभाए गए एक लापरवाह लड़के की कहानी थी, जिसका जीवन भारतीय सेना में भर्ती होने के बाद काफी बदल जाता है. फरहान अख्तर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रीति जिंटा एक वॉर जर्नलिस्ट के रोल में नजर आई थीं. फिल्म में कारगिल वॉर को बैकड्रॉप में दिखाया गया था. ऋतिक रोशन ने लेफ्टिनेंट करण शेरगिल की भूमिका निभाई थी जो अपनी टीम का नेतृत्व कर आतंकवादियों पर जीत पाते हैं.
मौसम: 2011
फिल्म 'मौसम' (Mausam: 2011) कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि में बनी हैरी यानी शाहिद कपूर और आयत यानी सोनम कपूर के बीच की प्रेम कहानी है. फिल्म में आयत एक कश्मीरी लड़की है जिसको स्क्वाड्रन लीडर हरेंद्र सिंह से मोहब्बत हो जाती है. पंकज कपूर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में दिखाया गया था कि कैसे सगाई से ऐन पहले हैरी को कारगिल युद्ध के लिए बुलावा आ जाता है. फिल्म कई दूसरी बड़ी घटनों को भी समेटा गया था.
शेरशाह: 2021
फिल्म 'शेरशाह' (Shershah: 2021) कारगिल वार के हीरो रहे कैप्टन 'विक्रम बत्रा' के जीवन को लेकर बनाई गई है. फिल्म में उनका किरदार सिद्धार्थ मल्होत्रा (Siddarth Malhotra) निभा रहे हैं और उनके साथ कियारा आडवाणी लीड रोल में हैं. करण जौहर के बैनर तले बनी ये फिल्म 12 अगस्त को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज की जायेगी.
ये भी पढ़ें: Raj Kundra की गिरफ्तारी क्यों हुई, कैसे मुंबई पुलिस के हाथ उनतक पहुंचे... जानें विस्तार से