हम सभी बहुत अच्छे से जानते हैं कि हेल्दी लाइफ के लिए पर्याप्त पोषक तत्व लेना कितना जरूरी है. लेकिन न्यूट्रिशन को लेकर अक्सर एक कंफ्यूज़न सी बनी रहती है. ऐसा कोई दिन या कभी-कभी कोई हफ्ता नहीं होता जब पोषक तत्वों से भरपूर बैलेंस्ड डायट फॉलो करना हमें असंभव सा लगता है.
कभी-कभी बिना सोचे समझे खा लेना कोई बड़ी बात नहीं है लेकिन ऐसा लगातार करते रहने से शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो जाती है. जिनपर अक्सर हमारा ध्यान नहीं जाता है. लेकिन आपको बता दें कि हमारे शरीर में जब भी किसी पोषक तत्व की कमी होती है तो हमारा शरीर अलग-अलग तरीकों से इसके संकेत देने लगता है.
आइये बताते हैं कुछ ऐसे ही संकेतों और उनसे जुड़े पोषक तत्वों के बारे में जिनपर आपको ध्यान देना चाहिए.
बाल झड़ना
अगर आपके बाल सामान्य से कहीं अधिक बेतहाशा गिर रहे है यानि एक दिन में करीब 100 से अधिक बाल गिर रहे हैं तो ये संकेत है कि आपके शरीर में आयरन की कमी है. आयरन की कमी बेहद आम है खासकर महिलाओं में. ऐसे में आप अपने डॉक्टर से तुरंत जांच करवाएं और आयरन की कमी को पूरा करने के लिए पोल्ट्री, पालक, बीन्स और काजू जैसी चीजें अधिक से अधिक खाएं
यह भी देखें: पूरी होगी आयरन की कमी...एनीमिया से उबरने में मिलेगी मदद
लगातार थकान
हर वक्त थकान के पीछे कई कारण हो सकते हैं. लेकिन अगर आप बीमार नहीं है, पर्याप्त नींद ले रहे हैं, तनाव भी नहीं है और फिर भी एनर्जी की कमी महसूस कर रहे हैं तो ये समय है अपना विटामिन डी का लेवल जांच करने का. सूरज से मिलने वाला ये सनशाइन विटामिन ज्यादातर खाने की चीजों में नहीं होता. अगर आप धूप में बाहर ज्यादा नहीं रहते हैं तो आपको अपने डायट में साल्मन, टूना जैसी मछलियां, मशरूम, विटामिन डी फोर्टिफाइड फूड जैसे दूध और सीरियल्स को शामिल करना चाहिए
मुंह में जलन
अगर आपके मुंह में छाले या होठों के किनारे दरारें पड़ रही हों तो ये विटामिन बी की कमी का संकेत हो सकता है. फोलेट, थायमिन, और बी-6 जैसे विटामिन बी की कमी से आपको आपका मुंह सूखा-सूखा और जलन वाला महसूस हो सकता है. विटामिन बी लेने के लिए आप बीन्स, केला और फोर्टिफाइड सीरियल्स खाएं या अपने डॉक्टर से इसके सप्लीमेंट लेने के बारे में सलाह लें.
ड्राई स्किन/रूखी त्वचा
अगर आप अपने स्किन पर नियमित रूप से मॉइश्चराइजर लगा रहे हैं लेकिन फिर आपकी स्किन पीली और ड्राई दिख रही है तो हो सकता है कि आपको विटामिन ए की जरूरत होगी. विटामिन ए उन टिशूज को बनाये रखने में मदद करता है जो आपके शरीर की हर सतह को कवर करके रखता है. अगर आपको अधिक विटामिन ए लेना है तो हरी पत्तीदार सब्जियां, नारंगी रंग के फल-सब्जियां जैसे खूबानी, गाजर, संतरा खाएं.
यह भी देखें: पपीता... विटामिन A और C का खजाना
बिना कारण चोट के निशान
कोलेजन एक स्ट्रक्चरल प्रोटीन और शरीर में सबसे आम प्रोटीन है. अगर आप बिना किसी कारण के अपने शरीर पर नॉर्मल से अधिक चोट के निशान देख रहे हैं तो आपके शरीर में कोलेजन की कमी हो सकती है. कोलेजन का मुख्य तत्व विटामिन सी है इसीलिए अपने कोलेजन को कंट्रोल में रखने के लिए संतरे, लाल मिर्च या केल जैसी चीजें खाइए.
एक कंप्लीट और बैलेंस्ड डायट सभी पोषक तत्वों से भरपूर होता है लेकिन अगर आप इन न्यूट्रिएंट्स के सप्लीमेंट लेने के बारे में सोच रहे हैं तो एक बार डॉक्टर से परामर्श जरूर लें.