राम मंदिर (Ram Mandir) के लिए खरीदी गई जमीन को लेकर लगाए गए घोटाले के आरोपों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अहम बैठक की. PM मोदी ने बैठक के दौरान मौजूद रहे सभी अधिकारियों और मंत्रियों से फीडबैक लिया. मोदी ने सुझाव दिया कि राम मंदिर बनने से पहले अयोध्या में सभी विकास कार्य पूरे कर लिए जाएं. इस बैठक में अयोध्या के नए मास्टर प्लान पर भी चर्चा हुई. इस बैठक में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और अयोध्या के विकास से जुड़े तमाम अधिकारी भी मौजूद थे.
दरअसल अयोध्या में राम मंदिर जमीन खरीद का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक के बाद एक कई जमीन घोटाले के मामले सामने आए हैं. BJP से जुड़े कई नेताओं पर चंदा चोरी और जमीन के हेरफेर का आरोप लग चुका है. AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जमीन खरीद सौदे में घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि ट्रस्ट का गठन हुए करीब डेढ़ साल हो गए, श्री राम का मंदिर निर्माण BJP नेताओं की चंदा चोरी के कारण रुका हुआ है.