तीनों कृषि कानून के एक साल पूरा होने के मौके पर अकाली दल ने ब्लैक फ्राइडे डे मनाया...इसके तहत पार्टी ने गुरुद्वारा रकाबगंज से संसद भवन तक मार्च निकालने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उन्हें रोक दिया.
प्रदर्शन के दौरान शिरोमणि अकाली दल के सुखबीर और हरसिमरत कौर बादल समेत कुल 15 नेताओँ ने अपनी गिरफ्तारी दी. इससे पहले सुबह से प्रशासन ने हरियाणा की तरह से दिल्ली आने वाली सीमाओं को बंद कर दिया था. जगह-जगह लगी बैरिकेडिंग की वजह से आम लोगों को भी भारी परेशानी हुई. कई इलाकों में गाड़ियां रेंगती नजर आईं.
ये भी पढ़ें: editorji से बोले Rakesh Tikait- यूपी चुनाव में बड़ा मुद्दा रहेगा किसान आंदोलन
खुद हरसिमरत कौर ने ट्वीट करके बताया कि विरोध प्रदर्शन के लिए आज आने वाले किसानों और अकाली कार्यकर्ताओं की संख्या को देखते हुए रकाबगंज साहिब की घेराबंदी की जा रही है. यह काले तानाशाही समय की याद दिलाता है.
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में पंजीकृत वाहनों को दिल्ली की सीमाओं पर रोका जा रहा है जबकि दूसरे वाहनों को जाने दिया जा रहा है. अकाली दल के महासचिव प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण है लेकिन प्रशासन सख्ती बरत रही है.