शुक्रवार को यूपी की योगी सरकार ने अपने चार साल का कार्यकाल पूरा कर लिया. राज्य सरकार के मुताबिक चार साल की कामयाबी का जश्न मनाने के लिए 26 मार्च तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वहीं बीजेपी खुद भी हर जिले में जलसे करेगी जिसके तहत ब्लॉक स्तर पर किसानों, मंडल स्तर पर महिलाओं और जिला पंचायत के वार्ड स्तर पर युवाओं के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे. अपनी सरकार के किए कामों का ब्यौरा देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार से पहले प्रदेश में डर का माहौल था और निवेशक आना नहीं चाहते थे लेकिन बीते चार सालों में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ और यूपी देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा. योगी बोले कि केंद्र और राज्य की सरकार ने मिल कर जो परिवर्तन किया है उससे यूपी को एक नई पहचान मिली है और अब इसे जारी रखा जाएगा.