सीएम की कुर्सी से हटते ही कर्नाटक (Karnataka) के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ( BS Yediyurappa) की मुश्किलें बढ़ गई हैं. भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट ने येदियुरप्पा को नोटिस जारी किया है, एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में येदियुरप्पा और उनके बेटे बी वाई विजयेंद्र समेत अन्य लोगों को ये नोटिस जारी हुआ.इन सभी को 17 अगस्त को सुबह 10.30 बजे कोर्ट में हाज़िर होने का निर्देश दिया गया है. एक्टिविस्ट टी जे अब्रामह की एक अर्जी पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने ये आदेश जारी किया है. ये मामला बेंगलोर विकास प्राधिकरण की हाउसिंग प्रोजेक्ट के लिए कथित तौर पर रिश्वत मांगने से जुड़ा है. आरोप है कि कोलकाता में फर्जी कंपनी के जरिए से रिश्वत मांगी गई और भुगतान भी किया गया था, येदियुरप्पा और उनके रिश्तेदारों के इस स्कैम में शामिल होने की बात की जा रही है.
ये मामला पहले भी उठा था जब कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने एक अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था और गंभीर आरोप लगाए थे.हालांकि येदियुरप्पा और उनके बेटे खुद पर लगे आरोपों को पहले ही सिरे से खारिज कर चुके है.