पहाड़ों में भारी बारिश के बीच अब राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. दिल्ली में यमुना (Yamuna) नदी उफान पर है, जलस्तर (water level) लगातार बढ़ रहा है. ITO पर यमुना का बहाव काफी ज्यादा तेज है, जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर (danger mark) पहुंच गया है. शुक्रवार की सुबह 11:00 बजे के करीब यमुना का जलस्तर 205.34 हो गया था, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है. पानी का बढ़ना यूं ही जारी रहा तो यमुना से सटे निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है.
दिल्ली सरकार ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है और 24 घंटे स्थिति की निगरानी की जा रही है. साथ ही बताया गया है कि ‘पिछले 24 घंटों में पानी के बहाव की दर 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गयी है जो इस साल के लिए सबसे अधिक है. यमुना में उफान की एक मुख्य वजह हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जाना है.