टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों में लगे भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने माटियो पेलिकोन रैंकिंग कुश्ती सीरीज में गोल्ड मेडल जीता. मंगोलिया के तुल्गा तुमूर ओचिर के खिलाफ 65 किलोग्राम के फाइनल में बजरंग अंतिम क्षणों तक 0-2 से पीछे चल रहे थे, लेकिन आखिरी 30 सेकेंड में उन्होंने 2 प्वॉइंट्स लेकर स्कोर बराबर कर दिया. भारतीय पहलवान ने मैच में आखिरी प्वॉइंट बनाया था और इस आधार पर उन्हें विजेता घोषित किया गया. इसके साथ ही उन्होंने अपने खिताब का बचाव भी किया. इस जीत के साथ ही 65 किलो के वर्ग में पूनिया ने फिर से नंबर एक रैंकिंग हासिल कर ली है.