एक वक्त था जब मानसिक बीमारी को एक कलंक की तरह समझा जाता था, इस बारे में बात करने से भी लोग हिचकिचाते थे. लेकिन समय और शिक्षा के साथ लोग इसे लेकर सजग हुए हैं और इसे महज एक बीमारी समझकर इसका इलाज कराया जा रहा है. अच्छे मानसिक स्वास्थ्य के लिए अगर आप भी कुछ दिलचस्प तरीकों की तलाश में हैं तो हम आपकी मदद में हाजिर हैं ...
Pet थेरेपी
सबसे पहले बात करेंगे पेट थेरेपी की. पालतू कुत्ते या जानवर आपके दोस्त की तरह होते हैं जो थकान, चिंता, डिप्रेशन को दूर करने में मददगार साबित होते हैं. डॉक्टर्स अक्सर लंबे समय तक देखभाल वाले मरीजों या फिर डिमेंशिया से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए इस थेरेपी का इस्तेमाल करते हैं. इतना ही नहीं, एयरपोर्ट और यूनिवर्सिटीज़ में तनाव को कम करने के लिए भी पेट थेरेपी का इस्तेमाल होता है.
आर्ट थेरेपी
पेंट ब्रश और कैन्वस से लेकर मिट्टी तक, ये सभी आर्ट थेरेपी का हिस्सा हैं. आमतौर पर जो लोग तनाव में होते हैं वो आर्ट के जरिये अपनी भावनाओं को अच्छे से पेश कर पाते हैं. जिससे ना सिर्फ उनके मानसिक स्वास्थ्य में काफी सुधार होता है बल्कि इससे दिमागी गतिविधियां, सोशल स्किल्स और आत्मसम्मान में भी इजाफा होता है.
म्यूजिक थेरेपी
मानसिक तनाव को खत्म करने के लिए संगीत का सहारा लिया जा सकता है. म्यूज़िक थेरेपी बच्चों और बड़ों के लिए तो फायदेमंद है ही, पर ये दिव्यांगों के विकास और उनकी भावनात्मक परेशानियों को सुलझाने में काफी मददगार साबित होती है. क्लिनिकल म्यूजिक थेरेपी का इस्तेमाल आजकल कैंसर सेंटर्स, स्कूल और यहां तक कि शराब और नशीली दवाओं की लत छुड़ाने के लिए पुनर्वास सेंटर्स में भी असरदार तरीके से इस्तेमाल हो रहा है.
जर्नल थेरेपी
अपनी भावनाओं, अनुभवों, विचारों को लिखना आपके मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने में मददगार साबित हो सकती है, इसे जर्नल थेरेपी कहते हैं. भावनाओं और अनुभवों को लिख कर जाहिर करने की ये थेरेपी आपको सदमे से बाहर निकालने में मददगार साबित होती है.
जैसे हर इंसान दूसरे से अलग है वैसे ही हर इंसान का दिमाग और उसका स्वास्थ्य भी एक दूसरे से जुदा है. तो फिर देर किस बात की, आपको जो भी थेरेपी बेहतर लगती हो आप उसे बिना संकोच जल्द से जल्द अपनाएं और स्वस्थ रहें.