आठ बार के Wimbledon चैम्पियन Roger Federer क्वार्टर फाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. पोलैंड के 24 साल के ह्यूबर्ट हुरकाज़ (Hubert Hurkacz) ने उन्हें सीधे सेटों में मात दी. 19 साल बाद फेडरर विंबलडन में सीधे सेटों में हारे हैं. इससे पहले साल 2000 और 2002 में वो यहां सीधे सेटों में हारे थे.
20 ग्रैंडस्लैम और 103 सिंगल्स खिताब अपने नाम कर चुके फेडरर मैच में बिल्कुल भी टच में नहीं दिखे. उनका खेल देख कर ऐसा लगा मानो 24 साल के फेडरर ने 40 साल के फेडरर को हराया हो. हुरकाज़ का खेल इतना प्रभावी था कि कई लोगों ने उनकी तुलना 15 साल पुराने फेडरर से कर दी.
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फेडरर के संन्यास (Federer Retirement) को लेकर भी सवाल उठा. इसपर फेडरर ने कहा - पता नहीं, सच में पता नहीं. ऐसे में अटकलें लग रही हैं कि क्या ये विंबलडन में फेडरर का अंतिम मैच था. पर जानकारों का मानना है कि वो ऐसी हार के साथ संन्यास लें इसकी उम्मीद नहीं है, फेडरर ने भी कहा कि उन्हें अभी और खेलना है.
हालांकि हार के बाद विंबलडन के सेंटर कोर्ट से जाते हुए फेडरर को लोगों ने स्टैंडिंग ओवेशन (Standing Ovation) दिया.