पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी से बेहाल है. दुनियाभर के देशों की अर्थव्यवस्था बुरी तरह तबाह हो गई है. ऐसे में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी दी है कि दुनिया को अगली महामारी के लिए भी तैयार रहना चाहिए. दरअसल, WHO प्रमुख टेड्रोस अधनोम ग्रेबेसियस ने कहा कि दुनिया को अगली महामारी के लिए बेहतर तरीके से तैयार होना चाहिए. साथ ही उन्होंने देशों से सार्वजनिक स्वास्थ्य में निवेश करने के लिए आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि इतिहास ने हमें सिखाया है कि प्रकोप और महामारी जीवन का एक तथ्य है. लेकिन जब अगली महामारी आएगी, तो दुनिया को तैयार होना चाहिए. इस बार की तुलना में अधिक तैयार रहना होगा. चीन के वुहान शहर में दिसंबर 2019 में सामने आए पहले कोरोना वायरस मामले के बाद अब तक दुनिया में 2.7 करोड़ लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं. वहीं, दुनियाभर में 8 लाख 88 हजार 326 लोगों की इस वायरस से मौत हुई है.