यूपी के 5 शहरों में टोटल लॉकडाउन के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) से राहत मिलने के तुरंत बाद योगी सरकार ने पूरे राज्य में वीकेंड लॉकडाउन (Weekend lockdown) का ऐलान कर दिया. देश के सबसे बड़े राज्य में अब हर हफ्ते शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक टोटल लॉकडाउन रहेगा. इसके अलावा जिन जिलों में 500 से ज्यादा एक्टिव केस (Active case) हैं वहां नाइट कर्फ्यू भी जारी रहेगा. वीकेंड लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में केवल जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को ही बाहर निकलने की छूट होगी. हालांकि वैक्सीनेशन के लिए लोग बाहर निकल सकेंगे.
बता दें कि इससे पहले यूपी सरकार ने बीते रविवार को प्रदेश के 10 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया था. हालांकि सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) ने सरकार को सख्त फटकार लगाई थी और कहा था उसकी कोशिशें सिर्फ आंखों में धूल झोंकने जैसी हैं. हाईकोर्ट ने 5 शहरों में टोटल लॉकडाउन लगाने को कहा था लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस आदेश को पलट दिया. प्रदेश में सोमवार को 24 घंटे में 28 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस आए हैं.