कुख्यात विकास दुबे कांड में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है, मामले की एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर कानपुर नगर के तत्कालीन एसएसपी और मौजूदा समय में पीएसी के डीआईजी अनंत देव को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही जिले के पूर्व एसएसपी दिनेश कुमार पी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. इसे इस मामले में सरकार की तरफ से अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है. बिकरू कांड के बाद एसएसपी अनंत देव को एसटीएफ के डीआईजी पद से हटाकर पीएसी मुरादाबाद के डीआईजी पद पर भेजा गया था. एसआईटी रिपोर्ट में लगभग 78 अफसरों और कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया है. माना जा रहा है अभी और लोगों के खिलाफ भी ऐसी कार्रवाई हो सकती है. अनंत देव पर थानेदारों की तैनाती में भ्रष्टाचार और विकास दुबे को संरक्षण देने के आरोप हैं साथ ही एसआईटी रिपोर्ट में शहीद सीओ देवेंद्र मिश्रा के पत्र और कॉल रिकॉर्डिंग को भी आधार बनाया गया है.