ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार (Sushil Kumar) की मुश्किलें हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती जा रही हैं. अब एक वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें वे अपने दोस्तों के साथ हॉकी स्टिक से सागर की पिटाई करते हुए साफ दिख रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, ये वीडियो घटना वाले दिन खुद सुशील कुमार ने अपने दोस्त के मोबाइल से शूट करवाया था, ताकि कुश्ती सर्किट में उसका खौफ बना रहे. तस्वीरों में घायल पहलवान 23 वर्षीय सागर धनखड़ (Sagar Dhankar) को जमीन पर पीठ के खून से लथपथ पड़ा हुआ देखा जा सकता है. आरोपी सुशील कुमार और तीन अन्य ने उसे घेर लिया है. सभी के हाथ में हॉकी स्टिक है. बता दें कि बीते 4 मई को छत्रसाल स्टेडियम (Chhatrasal Stadium) के पार्किंग एरिया में सुशील कुमार और उनके साथियों ने सागर पहलवान की जमकर पिटाई की थी. बाद में सागर की मौत हो गई थी. इस मामले में सुशील फिलहाल रिमांड पर हैं. क्राइम ब्रांच गुरुवार देर रात इस मामले सुशील के साथ रोहित उर्फ करोर को भी गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.