घरेलू शेयर बाजार इन दिनों सातवें आसमान पर हैं. शुक्रवार को शेयर बाजार ने रिकॉर्ड उछाल के साथ कारोबारी सत्र की शुरुआत की. सेंसेक्स पहली बार 58 हजार के एतिहासिक आंकड़े को पार कर गया. कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 217 प्वाइंट की तेजी से 58,069 पर पहुंचा. वहीं, निफ्टी भी 66 अंकों की बढ़त से 17,300 पर शुरू हुआ. बता दें मौजूदा कारोबारी सप्ताह निवेशकों के लिहाज से काफी अच्छा साबित रहा है. हर बीतते दिन के साथ बाजार ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नए कीर्तिमान स्थापित किए.
गुरुवार को सेंसेक्स 514 प्वाइंट चढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था. वहीं, निफ्टी भी 157 की छलांग लगाकर 17,234 पर बंद हुआ. मार्केट एक्सपर्ट्स की माने तो विदेशी शेयर मार्केट से मिले अच्छे सेंटीमेंट्स का असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिल रहा है.