ब्राइडल शॉपिंग या फेस्टिव शॉपिंग करते समय कई बार हम रेडीमेड कपड़े खरीदने की बजाय अपनी पसंद का फैब्रिक खरीद कर उसे डिज़ाइन करवाते हैं. तो हम यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं पूरे देश की सबसे पॉपुलर और अच्छी फैब्रिक मार्केट्स.
सबसे पहले बात दिल्ली की. इस शहर की सबसे पॉपुलर फैब्रिक मार्केट्स हैं - चांदनी चौक, लाजपत नगर, नेहरू प्लेस, गांधी नगर और शंकर मार्केट। चांदनी चौक और लाजपत नगर में आपको हेवी वर्क वाले फैब्रिक्स तो वहीं नेहरू प्लेस और शंकर मार्केट में आपको अपनी ड्रेसेज़, पैंट्स और ब्लेज़र्स के लिए फैब्रिक्स मिल जाएंगे. मुंबई के मशहूर क्रॉफर्ड मार्केट के अंदर बनी मंगलदास मॉर्केट में आपको फैब्रिक की बहुत अच्छी और बड़ी रेंज मिलेगी. इसके अलावा आपको भुलेश्वर मार्केट, कालबादेवी, हिंदमाता क्लोथ मार्केट और एम.जे मार्केट में भी फैब्रिक खरीदने के लिए काफी अच्छे ऑप्शंस मिल जाएंगे. सूरत का सहारा दरवाजा अपने टेक्सटाइल मार्केट के लिए मशहूर है. यहां पर आपको एथनिक वेयर के साथ ही फैब्रिक की भी वाइड वरायटी होलसेल प्राइस पर मिल जाएगी. इसके अलावा यूनिवर्सल टेक्सटाइल मार्केट और सूरत टेक्सटाइल मार्केट में भी आपको तरह-तरह के फैब्रिक्स की काफी वरायटी मिलेगी वो भी बेहद वाजिब दामों में.