Lovlina Bogohain in Tokyo: टोक्यो ओलिंपिक में देश के लिए मेडल पक्का करने वालीं मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने कहा है कि वो गोल्ड मेडल का सपना लेकर टोक्यो आई हैं, और फिलहाल उनका पूरा फोकस अगले मैच पर है. लवलीना सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं और इसी के साथ उन्होंने 69 किलो वर्ग में देश के लिए मेडल पक्का कर दिया है.
क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ पत्रकारों से बात करते हुए लवलीना ने कहा कि वो अभी कोई जश्न नहीं मना रहीं क्योंकि लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है. लवलीना ने महान मुक्केबाज मुहम्मद अली का नाम लेते हुए कहा कि मैं उनके फुटवर्क और लंबे पंच को अपने गेम में लाने की कोशिश करती हूं. उन्होंने कहा कि मैरी कॉम मेरी प्रेरणा हैं और मुझे बहुत अच्छा लगता है कि उनके साथ खेलने का मौका मिलता है.