अगर खाने में नमक की मात्रा एकदम सही हो तो उसमें और भी ज़्यादा स्वाद आ जाता है. कई बार तो आप नमकीन स्नैक्स खाते खाते खुद को रोक ही नहीं पाते और कई बार मज़े मज़े में ना जाने कितनी नमक से भरी फ्राइज और नमकीन का बड़ा पैकेट भी निपटा जाते हैं. उसके बाद होती है ब्लोटिंग. हम जानते हैं ज़्यादा नमक खाने से हुई ब्लोटिंग कितना परेशान करती है, इसलिए हम आपको बताएंगे ऐसे कुछ तरीके जिससे आप नैचुरली अपने शरीर से एक्स्ट्रा सोडियम को फ्लश आउट कर सकते हैं.
खूब सारा पानी पिएं
नमक का ज़्यादा इस्तेमाल करने से शरीर में वॉटर रिटेंशन की परेशानी होने लगती है. शरीर को इस से छुटकारा दिलाने के लिए आपको पानी का ही सहारा लेना होगा. ज़्यादा पानी पीने से आपकी किडनी को बॉडी से सोडियम फ्लश आउट करने में मदद मिलेगी. इसलिए इस दौरान रोज़ाना से ज़्यादा पानी पिएं.
पानी से भरपूर खाद्य पदार्थ
अगर आपको बहुत ज़्यादा पानी पीना मुश्किल लग रहा है तो आप वॉटर रिच फ़ूड भी खा सकते हैं. स्ट्रॉबेरी, वॉटरमेलन, संतरा, खीरा, लौकी और लेटस आपके बॉडी में वॉटर लेवल को बढ़ाने में आपकी मदद करेंगे. इसलिए इन्हें अपनी डाइट में शामिल करें.
पोटेशियम रिच फ़ूड
पानी के अलावा पोटेशियम भी आपके शरीर से सोडियम को बाहर करने में मदद करेगा. इसके लिए आप केला, संतरा, स्ट्रॉबेरीज, अवाकाडो, और बीन्स का सेवन करें. ये फ़ूड आइटम्स आपके शरीर के फ्लूइड बैलेंस में मददगार हो सकते हैं.
कार्डियो से मिलेगी मदद
अपने शरीर से सोडियम को बाहर निकालने का एक तरीका है पसीना बहाना. चाहे जिम जाकर एक्सरसाइज करें, कार्डियो करें या सिर्फ एक ब्रिस्क वॉक, पसीना बहने से आपके शरीर से एक्स्ट्रा सोडियम तो बाहर आएगा ही साथ में दूसरे टॉक्सिन्स को बाहर निकलने में भी आपकी मदद होगी. लेकिन याद रखिये एक्सरसाइज करते समय खुद को हाइड्रेटेड रखना ना भूलें.
वैसे तो ये टिप्स आपके लिए बहुत मददगार होंगी, लेकिन अगर आप पहले से हाई ब्लड प्रेशर या कार्डियोवस्कुलर बीमारी से परेशान हैं तो कुछ भी करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह ज़रूर ले लें.