आरजेडी नेता तेजस्वी यादव सोमवार को अपना 31वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर तेजस्वी ने अपनी मां राबड़ी देवी और रिश्तेदारों के साथ मिलकर केक काटा. इस बीच सोशल मीडिया पर सोमवार से ही 'CM ऑफ बिहार' ट्रेंड करने लगा. इसके अलावा बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर भी तेजस्वी यादव के पोस्टर लग गए हैं. उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लोगों ने पोस्टर पर भावी सीएम बताया है. उधर तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव और बहन रोहिणी आचार्य ने उन्हें सोशल मीडिया पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी. वैसे भी ये जन्मदिन तेजस्वी के लिए खास है क्योंकि बिहार में हुए चुनाव के बाद आए तमाम एग्जिट पोल में उनके नेतृत्व वाले महागठबंधन की सरकार बनने के दावे किए जा रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 नवंबर यानी मंगलवार को आने हैं.