तहलका मैगजीन के एडिटर तरुण तेजपाल (Tarun Tejpal Case) की मुसीबतें अभी भी कम होती नहीं दिख रहीं. निचली अदालत में तेजपाल को महिला को- वर्कर के साथ कथित यौन शोषण के मामले में बरी किए जाने के बाद, गोवा सरकार ने अब बॉम्बे हाईकोर्ट में एक अपील (Goa Govt goes to Bombay High Court) दाखिल की है. इसमें गोवा सरकार ने कहा है कि निचली अदालत में महिला के आरोपों का इस आधार पर विश्वास नहीं किया गया कि उसका व्यवहार यौन हमले के दौरान पीड़ित जैसा नहीं था. सरकार ने कहा कि निचली अदालत (Trial Court) का फैसला पुरुषवादी सोच और पूर्वाग्रहों से ग्रसित था.
हाईकोर्ट से इस मामले में जल्द सुनवाई की मांग को लेकर सॉलिसिटिर जनरल तुषार मेहता ने गुहार लगाई थी. कहा था कि इस देश की लड़कियों की खातिर कोर्ट को इस मामले को जल्द से जल्द सुनना चाहिए. अब इस मामले की सुनवाई बुधवार यानि 2 जून को होगी. तेजपाल पर यह आरोप था कि उन्होंने 7 नवंबर, 2013 को गोवा के एक पांच सितारा होटल में कथित तौर पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया.