Afghanistan: अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद तालिबान (Taliban) के समर्थन करने वालों की फेहरिस्त बढ़ती जा रही है. लेकिन असम में तालिबानी विद्रोहियों का समर्थन करना कुछ लोगों को भारी पड़ा गया. शुक्रवार रात असम पुलिस (Assam Police) ने सोशल मीडिया पर तालिबान समर्थक टिप्पणियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए असम के अलग-अलग इलाकों से 14 लोगों को गिरफ्तार (14 people arrested) किया है. असम पुलिस के स्पेशल डीजीपी जीपी सिंह ने बताया कि असम पुलिस ने कामरूप मेट्रोपॉलिटन, बारपेटा, धुबरी और करीमगंज जिलों से दो-दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दरांग, कछार, हैलाकांडी, दक्षिण सलमारा, गोलपारा और होजई जिलों से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का दावा है कि पकड़े गए ये सभी लोगों ने सोशल मीडिया पर तालिबान के समर्थन वाले पोस्ट लिखे थे. सभी आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधियां, आईटी अधिनियम और CRPC की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
बता दें कि अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद मशहूर शायर मुनव्वर राना ने कहा था कि तालिबान से ज्यादा हथियार भारत में रहने वाले माफियाओं के पास हैं. इसके अलावा, उन्होंने तालिबान और महर्षि वाल्मीकि की तुलना भी कर दी थी. मुनव्वर राना के अलावा सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क और एआईएमआईएम प्रमुख असददुदीन ओवैसी ने भी तालिबान के पक्ष में बयान दिया था.