कोरोनावायरस संक्रमण से उबरने के बाद मानसिक, शारिरिक परेशानियों जैसे पोस्ट कोविड लक्षणों के अलावा कई लोगों में बाल झड़ने के भी लक्षण देखने को मिल रहे हैं. एक्सपर्ट्स की मानें तो बीमारी में बाल झड़ने का संबंध तनाव या सदमे से होता है. इस कंडीशन को टेलोजेन एफ्लुवियम कहते हैं. इस कंडीशन में किसी बीमारी, सदमे या तनाव की वजह से कुछ समय के लिए बाल तेजी से झड़ने लगते हैं.
इसके अलावा, संक्रमण के दौरान शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो जाती है जिसकी वजह से भी बाल झड़ने लगते हैं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी बीमारी में बाल बस कुछ समय के लिए झड़ते हैं. इसीलिए उन्होंने कोरोना वायरस के संबंध में इन दोनों बातों पर अभी और स्टडी किए जाने की जरूरत बताई है.
अगर आप भी कोरोनासंक्रमण से रिकवर होने के बाद हेयरफॉल की समस्या से जूझ रहे हैं तो जाने माने हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब के टिप्स आपके काम आ सकते हैं जिसे उन्होंने हाल ही अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है. आइये जानते हैं.
- बाल धोने से पहले सरसों का तेल लगाए. प्रीकंडीशनिंग में सरसों के तेल के इस्तेमाल से सिर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ जाता है. जिससे हेयरफॉल रुकने में मदद मिल सकती है.
- हफ्ते में एक बार बालों की जड़ों में एलोवेरा जेल लगाएं. बाजार से एलोवेरा जेल या फिर घर पर ही आप एलोवेरा के पत्ते से ताजा जेल निकालकर लगा सकते हैं.
- बालों को बहुत लंबा ना रखें, बाल छोटे रखें ताकि ये अधिक ना उलझें और उन्हें मेनटेन करना भी आसान हो
- रिकवरी से करीब 4 हफ्ते तक स्ट्रेटनर, कर्लर और दूसरे स्टाइलिंग टूल्स और प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से बचें. ये आपको बालों को डैमेज कर सकते हैं जिससे हेयरफॉल जैसी परेशानी हो सकती है.
- टिप्स की लिस्ट में आखिरी लेकिन सबसे जरूरी है हेल्दी डायट. रिकवरी के दौरान और बाद भी डाइट पर भी ध्यान जरूर दीजिए. आयरन और विटामिन डी वाली चीजें खाएं और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाएं. कुछ दिनों के बाद बाल झड़ने की समस्या अपने आप खत्म हो जाएंगी.