दीवाली की शाम दिल्लीवासियों ने दिल्ली सरकार और एनजीटी के खिलाफ खुलकर नाफरमानी की. पटाखों की बिक्री और उपयोग पर 30 नवंबर तक एनजीटी द्वारा लगाए गए प्रतिबंध और दिल्ली सरकार द्वारा पटाखे न जलाने के लिए किए गए आग्रह को जनता ने नहीं माना और जमकर पटाखे जलाए. आलम ये था कि दिल्ली के कई इलाकों में हवा गुणवत्ता खराब से बेहद खराब और गंभीर श्रेणी में चली गई. आनंद विहार में AQI 481, आईजीआई एयरपोर्ट पर 444, आईटीओ पर 457 और लोधी रोड पर 414 पहुंच गया. पराली के धुएं और प्रदूषण के कारण पहले से खराब दिल्ली की हवा और जहरीली हो गई. गोविंदपुरी, कालकाजी, ग्रेटर कैलाश से लेकर इंडिया गेट तक के इलाके में हवा की गुणवत्ता खराब हुई है. पटाखों के प्रदूषण की वजह से कॉलोनियों में धुएं की चादर पसर गई.