देश में वैक्सीन की कमी होने के आरोपों को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन (Dr. Harsh Vardhan) ने पूरी तरह से नकार दिया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि ये आरोप लगाने वाली राज्य सरकारें (State governments) अपनी अक्षमता को छिपाने का प्रयास कर रही हैं. अपने दावे के समर्थन में डॉ. हर्षवर्धन ने बकायदा आंकड़े भी ट्वीट किए. जिसके मुताबिक देश में फिलहाल 2.4 करोड़ वैक्सीन स्टॉक में (Vaccine in stock) है और 1.9 करोड़ टीके और आने वाले हैं. उन्होंने ट्वीट में कहा कि वैक्सीन की कमी होने का सवाल नहीं है. अब तक देश में 9 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन के डोज़ दिए जा चुके हैं और 4.3 करोड़ से ज्यादा की आपूर्ति की जा रही है.
बता दें कि गुरुवार को ही महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश ने केन्द्र को पत्र लिखकर वैक्सीन की कमी होने की बात कही है. वैसे हकीकत ये भी है कि भले ही डॉ हर्षवर्धन आंकड़े पेश कर रहे हैं लेकिन तमाम राज्यों के कई इलाकों में वैक्सीन सेंटर्स या तो बंद हो रहे हैं या लोगों को सेंटर्स से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. डॉ. हर्षवर्धन ने राज्य सरकारों द्वारा सबको वैक्सीन देने की मांग को गैर जिम्मेदाराना करार दिया.