मोदी सरकार (Modi government) के दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रिमंडल विस्तार से ठीक पहले चिराग पासवान (Chirag Paswan) को तगड़ा झटका लगा है. चिराग से बगावत कर चुके उनके चाचा पशुपति पारस (Pashupati Paras) भी बुधवार दोपहर PM आवास पहुंच गए...जिसका साफ मतलब है कि वे शाम को मंत्रीपद की शपथ ले सकते हैं.
ऐसा माना जा रहा है कि दिवंगत रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) की जगह उन्हें ही LJP कोटे से मंत्री पद मिल सकता है. ये तब है जबकि खुद चिराग पासवान ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर चाचा पशुपति पारस को मंत्री नहीं बनाने की अपील की थी. चिराग ने कहा था कि उन्हें LJP सांसद के तौर पर मंत्री न बनाया जाए वो एलजेपी से निकाले जा चुके हैं. इसके साथ ही चिराग ने पशुपति को मंत्री बनाए जाने की सूरत में कोर्ट जाने की धमकी भी दी थी.
उधर मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पशुपति पारस को बीते सोमवार को ही गृहमंत्री अमित शाह का फोन आया था. जिसके बाद वे पटना में एक कपड़े की दुकान पर दिखे थे. तब पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि क्या वे मंत्री बन रहे हैं. तब पशुपति पारस ने कहा था- राज को राज ही रहने दो.