Anant Geete on Sharad Pawar: क्या महाराष्ट्र में शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस की महा विकास अघाड़ी सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा? ये सवाल हाल के दिनों में शिवसेना नेताओं के बयान से उठ रहे हैं. हाल ही में उद्धव ने भाजपा नेता को भावी साथी बताया था तो अब शिवसेना नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत गीते ने महा विकास अघाड़ी सरकार की धुरी माने जाने वाले NCP अध्यक्ष शरद पवार पर जमकर हमला बोला है. गीते ने कहा कि, अपनी पार्टी बनाने के लिए कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंपने वाले शरद पवार शिवसैनिकों के 'गुरु' नहीं हो सकते. हमारे गुरु केवल बालासाहेब ठाकरे हैं. सोमवार को अपने गृह क्षेत्र रायगढ़ में एक जनसभा में अनंत गीते ने ये बातें कहीं. गीते ने कहा कि ये महाअघाड़ी सरकार बस एक समझौता है और जब तक काम कर रही है, तब तक चलती रहेगी.
वहीं अनंत गीते को 2019 के लोकसभा चुनाव में हराने वाले NCP नेता सुनील तटकरे ने इसपर पलटवार करते हुए कहा कि- अगर शरद पवार आपके नेता नहीं हो सकते हैं तो फिर उस समय उनके पैर क्यों पड़े थे? तटकरे ने कहा कि जब महाविकास अघाड़ी की स्थापना हुई तब अनंत गीते ने शरद पवार के पैर छुए थे और महाविकास अघाड़ी के लिए उनका आभार जताया था. इस बात का गवाह मैं खुद हूँ.