डांस रियलिटी शो सुपर डांसर चैप्टर 4 (Super Dancer Chapter 4) में इस हफ्ते सिंगिंग का तड़का भी लगेगा. इस हफ्ते बतौर खास महमान सिंगर कुमार सानू शामिल होंगे. शो के प्रो में दिखाया गया है कि कंटेस्टेंट बाजीगर फिल्म (Baazigar Film) के सुपरहिट गाने 'ये काली काली आंखे' पर परफॉर्म करते नजर आएंगे. इस गाने को कुमार सानू ने अपनी आवाज दी है जबकि चैप्टर 4 की जज और एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) इस फिल्म का हिस्सा थीं.
इस गाने को लेकर शिल्पा ने कहा कि वो हमेशा से इस गाने का हिस्सा बनना चाहती थीं लेकिन ये गाना उन्हें नहीं मिला. इसके लिए उन्हें हमेशा जलन भी होती थी. हालांकि फिल्म में तो शिल्पा भले ही इस गाने का हिस्सा न बन पाईं हों लेकिन शो में उन्होंने इस मौके को हाथ से जाने नहीं दिया और कुमार सानू की मौजूदगी में एक्ट्रेस ने इस पर शानदार डांस किया.