Sanjay Dutt: कहानी बॉलीवुड के नायक और खलनायक की

Updated : Jul 29, 2021 10:29
|
Editorji News Desk

बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा नर्गिस (Nargis) और सुनील दत्त (Sunil Dutt) के लाडले संजय दत्त (Sanjay Dutt) की जिंदगी किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं रही है. जिंदगी के सफेद और स्याह रंगों में गोता लगाती उनकी लाइफ का विवादों के साथ चोली दामन का साथ रहा है. जितना लोग उन्हें उनकी अदाकारी के लिए जानते हैं, उससे ज्यादा उनकी पर्सनल लाइफ चर्चा में रही है. संजय की जिंदगी समंदर की लहरों की तरह रही है, उतार चढ़ाव से भरपूर. 2018 में तो राजकुमार हिरानी ने उनकी लाइफ पर फिल्म ही बना डाली, 'संजू' बड़ी हिट साबित हुई थी. 

वो नरगिस जो 'मदर इंडिया' में ग़लत काम करने वाले अपने बेटे बिरजू को गोली मार देती हैं, रियल लाइफ में बेटे संजू पर जान लुटाती थीं. लुटाए भी क्यों ना, मां तो मां होती है. मान्यता के आने बाद से संजू की जिंदगी पटरी पर लौटी, लेकिन उससे पहले उनकी जिंदगी का ताना बाना काफी उलझा रहा है. ड्रग्स के आगोश में रहे, टेरर केस तक चला, लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा, हालांकि आखिरकार टेरर चार्ज से वो बरी हुए. 

29 जुलाई 1959 को संजय की पैदाइश के कुछ साल बाद ही नर्गिस ने फिल्मों को अलविदा कह दिया था. एक रेडियो इंटरव्यू में नरगिस ने बताया था, 'संजय के पैदा होने के बाद मैं जब शूटिंग के लिए जाती तो वो रोने लगता. स्टूडियो में मैं भी फ़िक्रमंद रहती कि वो ठीक तो होगा. इसलिए मैंने फ़िल्म इंडस्ट्री छोड़ने का फ़ैसला किया.'

ऐसे हुई ड्रग्स की शुरुआत

सुनील दत्त ने एक बार संजू के सिगरेट पीने का किस्सा शेयर किया था कि कैसे दस से भी कम उम्र में उन्होंने एक सांस में सिगरेट पी ली थी. उन्होंने बताया था कि घर पर उनसे मिलने प्रोड्यूसर्स और जो दोस्त आते थे, संजू उनकी बची हुई सिगरेट नकल में पीने लगे और देखते ही देखते इसकी लत लग गई. 

इसके बाद संजू को बिगड़ता देखकर उन्हें मुंबई के कैथेड्रल स्कूल से निकाल कर हिमाचल प्रदेश के मशहूर बोर्डिंग स्कूल 'सेंट लॉरेंस' भेज दिया गया. एक इंटरव्यू के दौरान संजय ने बताया था कि - जब बच्चा मां बाप से अलग इस तरह से रहता है तो वो खुद को इंडिपेंडेंट समझता है.

1977 में संजय लॉरेंस स्कूल से 18 बरस की उम्र में घर लौटे. संजय का दाख़िला मुंबई के एल्फिंस्टन कॉलेज में करवाया गया. यही दौर था जब संजू बाबा ड्रग्स की अंधेरी गली में मुड़ गए. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि वे अपने कमरे में बंद रहते थे. कॉलेज के दौरान ही उन्होंने ड्रग्स लेना शुरू किया था. संजय ने बताया था कि उनकी मां नरगिस को शायद अंदाज़ा था कि उनका बेटा ड्रग्स लेने लगा है लेकिन उन्होंने इसका ज़िक्र सुनील दत्त से नहीं किया.

सिमी गरेवाल को दिए इंटरव्यू में संजय ने बताया था कि - "जितने भी तरह के ड्रग्स होते हैं, मैंने सब लिए हैं". संजय ने फिर कहा था कि "एक ड्रग एडिक्ट को कोई स्वीकार नहीं करता, लेकिन डैड ने मुझे स्वीकार किया". वो प्रोड्यूसर्स को फोन कर कहते थे कि - "तुम मेरे बेटे को लेने से पहले सोच लो, वो ड्रग्स लेता है".

एक्टिंग की शुरुआत

संजय बड़े पर्दे पर पहली बार 1971 में 'रेशमा और शेरा' फ़िल्म में बाल कलाकार की तरह दिखे थे. इसके बाद सुनील दत्त ने उनकी ट्रेनिंग करवाई और संजय को रॉकी' फ़िल्म में बतौर हीरो लिया. 

रॉकी की शूटिंग के दौरान ही पता चला था कि नर्गिस को कैंसर है. संजय की पहली फ़िल्म की शूटिंग ज़ोरों पर थी. नरगिस ने सुनील दत्त से कहा था- "चाहे जैसे करिए, मुझे मेरे बेटे की फ़िल्म प्रीमियर में जाना है. स्ट्रेचर या व्हीलचेयर जो भी हो".

सुनील दत्त ने सारी तैयारी कर भी दी थी. 7 मई 1981 को 'रॉकी' का प्रीमियर होना था. लेकिन नरगिस की तबीयत फिर बिगड़ गई. 3 मई 1981 को नरगिस ने दुनिया को अलविदा कह दिया यानी 'रॉकी' के प्रीमियर से चार दिन पहले. लेकिन प्रिमियर के दिन एक कुर्सी खाली रखी गई थी. किसी के पूछने पर दत्त साहब ने कहा था कि ये मेरी पत्नी नरगिस के लिए है.

संजय की दूसरी फिल्म थी Johny I Love You जो 1982 में आई. इसके बाद आई 'विधाता' और 'मैं आवारा हूं'. 1985 में आई उनकी फिल्म 'नाम' सुपर हिट हुई थी.

'नाम' की कामयाबी के बाद उनकी फ़िल्में लगातार फ्लॉप होती रहीं, लेकिन 1991 में माधुरी दीक्षित और सलमान खान के साथ आई 'साजन' ने उनके करियर में जान फूंकी. 

इसके बाद 'वास्तव' और फिर 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' ने संजय को वाकई स्टार बना दिया. वो शोहरत और इज्जत जिसके वो हकदार थे. संजय ने अब तक क़रीब 130 से ज़्यादा फ़िल्मों में काम किया है.

मैंने ड्रग्स छोड़ दिया...

संजय दत्त ने एक टीवी शो में बताया था-  एक दिन सुबह मेरी आंख खुली. पास में एक नौकर खड़ा था. मैंने कहा बहुत भूख लगी है कुछ खाने को लाओ. ये सुनकर उसकी आंखों में आंसू आ गए. मैंने वजह पूछी तो वो बोला कि "आप दो दिन बाद सोकर उठे हैं". मैंने शीशा देखा तो चेहरे पर सूजन थी, बिखरे बाल थे. "मुझे लगा कि मैं मर जाऊंगा. मैं डैड के पास गया और बोला- मुझे आपकी मदद चाहिए". डैड ने मुझे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया. 1984 की शुरुआत में ड्रग्स की लत छुड़वाने के लिए सुनील दत्त उन्हें अमेरिका भी ले गए. 

जिंदगी के स्याह पन्ने

1993 में संजय 'आतिश' की शूटिंग के लिए मॉरीशस गए हुए थे. भारत में 1993 में हुए बम धमाकों की जांच चल रही थी. समीर हिंगोरा और हनीफ कड़ावाला ने पुलिस को बताया कि संजय के पास एके-56 राइफल थी. हालांकि संजय ने पुलिस को बताया कि उनके पिता को मिल रही धमकियों की वजह से उन्होंने बंदूक अपने पास रखी थी. पर संजय के मुंबई लौटते ही उन्हें आतंकवाद निरोधक क़ानून 'टाडा' के तहत गिरफ्तार कर लिया गया. 

इसी साल आई सुभाष घई की फिल्म 'खलनायक' बड़ी हिट साबित हुई. फिल्म में संजय ने खलनायक की भूमिका निभाई थी. 

जेल के दिनों का एक किस्सा सुनाते हुए संजय दत्त ने एक टीवी शो में कहा था, 'जेल में डैड मिलने आते तो कहते- कल बेल हो जाएगी बेटा, कल हो जाएगा. ऐसे ही तीन-चार महीने चलता रहा. एक दिन डैड जब आए और बोले- कल हो जाएगा बेटा, तो मैं चिल्ला पड़ा, डैड कब हो जाएगा. ये सुनकर डैड ने मेरा कॉलर पकड़ा और रोते हुए कहा- मुझे माफ कर बेटा, अब मैं तेरे लिए कुछ नहीं कर सकता.'

फ़ारुक़ शेख़ के शो 'जीना इसी का नाम है' में प्रिया दत्त ने बताया था, 'रक्षा बंधन में हम जेल में गए तो डैड ने कहा- राखी बांधो. संजू ने भारी मन से कहा- "मेरे पास तुम्हें देने के लिए कुछ नहीं है लेकिन ये कूपन मैंने बचाए हुए हैं". दरअसल वो कूपन जेल में चाय खरीदने के लिए मिलते थे. प्रिया ने बताया था कि संजय के दिए वो कूपन उनके सबसे कीमती तोहफों में से हैं. 

टाडा कोर्ट का फैसला 

संजय पर आतंकी केस का लगा दाग आखिरकार 2007 में खत्म हुआ, जब मुंबई की टाडा कोर्ट ने फैसला सुनाया कि संजय दत्त आतंकवादी नहीं हैं, लेकिन गैर कानूनी तरीके से हथियार रखने के दोष में उन्हें 6 साल की सज़ा सुनाई. संजय जेल गए लेकिन जल्दी ही ज़मानत पर बाहर आ गए.

2013 में सुप्रीम कोर्ट ने संजय दत्त की सज़ा घटाकर पांच साल कर दी. संजय मई 2013 को जेल गए और फरवरी 2016 में अच्छे व्यवहार के आधार पर उन्हें जेल से जल्दी रिहा कर दिया गया. 

शादी और अफेयर 

1987 में उनकी पहली शादी अभिनेत्री ऋचा शर्मा से हुई थी जिनकी कैंसर से मौत हो गई. दूसरी शादी उन्होंने अभिनेत्री और मॉडल रिया पिल्लई से की थी, वो भी नहीं चली. फिर 2008 में मान्यता से शादी की जो बरकरार है. शादियों के अलावा अपने अफेयर्स को लेकर भी संजू खासे सुर्खियों में रहे हैं, खासकर माधुरी दीक्षित के साथ उनके अफेयर की काफी चर्चा रही थी. फिल्म साजन के बाद दोनों की शादी की खबरें भी उड़ने लगी थीं लेकिन फिर टाडा केस और जेल ने सभी रिश्ते खत्म कर दिए. 

 

Sanjay DuttBirthday SpecialNargis DuttSunil DuttManyata Dutt

Recommended For You

editorji | भारत

History 05th July: दुनिया के सामने आई पहली 'Bikini', BBC ने शुरू किया था पहला News Bulletin; जानें इतिहास

editorji | एडिटरजी स्पेशल

History 4 July: भारत और अमेरिका की आजादी से जुड़ा है आज का महत्वपूर्ण दिन, विवेकानंद से भी है कनेक्शन

editorji | एडिटरजी स्पेशल

Hathras Stampede: हाथरस के सत्संग की तरह भगदड़ मचे तो कैसे बचाएं जान? ये टिप्स आएंगे काम

editorji | एडिटरजी स्पेशल

History 3 July: 'गरीबों के बैंक' से जुड़ा है आज का बेहद रोचक इतिहास

editorji | एडिटरजी स्पेशल

History: आज धरती के भगवान 'डॉक्टर्स' को सम्मानित करने का दिन, देखें इतिहास