रक्षा मामलों पर पार्लियामेंट स्टैंडिंग कमिटी की बैठक गुरुवार को हुई. जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सवाल पर हंगामा मच गया. तीन भागों में हुई बैठक के दूसरे भाग में राहुल गांधी शिरकत करने पहुंचे. रिपोर्ट्स के मुताबिक बैठक में राहुल ने लद्दाख सीमा पर भारत और चीन की सेना के बीच हुए समझौते का मसला उठाया. राहुल गांधी ने अपने पहले वाले आरोपों को दोहराते हुए कहा कि चीनी सेना ने भारत की ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया. बैठक चूंकि आम बजट पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी लिहाज़ा समिति के अध्यक्ष और ओडिशा के बीजेपी सांसद जुएल ओरांव ने राहुल गांधी को बीच में टोकते हुए कहा कि उन्होंने बहुत ज़्यादा समय ले लिया है. जिसके बाद जुएल ओरांव और राहुल गांधी ने तीखी बहस हो गई. राहुल ने आरोप लगाया कि समिति की बैठकों में कांग्रेस के सदस्यों को बोलने का मौका नहीं दिया जाता.