इंडिया लीजेंड्स और श्रीलंका लीजेंड्स के बीच खेले गए रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के खिताबी मुकाबले में मेजबान टीम ने बाजी अपने नाम कर ली. सचिन की कप्तानी में इंडिया लीजेंड्स की टीम ने शनिवार को रायपुर में खेले गए रोमांचक मुकाबले को 14 रन से जीत लिया और खिताब पर कब्जा जमाया. इंडिया लीजेंड्स की तरफ से युवराज सिंह और पठान बंधुओं ने मैच जिताऊ प्रदर्शन किया. इंडिया लीजेंड्स ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 181 रन बनाए. युसुफ पठान और युवराज सिंह ने टीम के लिए अर्धशतकीय पारी खेली. युवराज ने 41 गेंदों में 60 रन वहीं युसुफ पठान ने 36 गेंदों में 62 रन बनाए. 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका लीजेंड्स निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन हीं बना सकी. सनत जयसूर्या ने 43 रनों का योगदान दिया. इंडिया लीजेंड्स की तरफ से युसूफ और इरफान पठान ने दो-दो विकेट चटकाए.