अयोध्या जमीन विवाद (Ram Mandir Trust) में अब एक नया खुलासा हुआ है. राम मंदिर ट्रस्ट ने एक ही दिन में तकरीबन एक ही क्षेत्रफल की जमीन दो अलग-अलग कीमतों पर खरीदी (Land deal) है. यह खरीद 18 मार्च को गई है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पहली जमीन जिसका क्षेत्रफल 1.208 हेक्टेयर है उसे ट्रस्ट ने 18.5 करोड़ रुपये में और दूसरी जमीन जिसका क्षेत्रफल 1.037 हेक्टेयर है उसे 8 करोड़ रुपये में खरीदा. 18.5 करोड़ रुपये में जमीन सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी (Sultan Ansari and Mohan Tiwari) से खरीदी गई और 8 करोड़ की दूसरी जमीन हरीश पाठक और कुसुम पाठक (Harish Pathak and Kusum Pathak) से सीधे खरीदी गई. अहम बात ये भी है कि इसी साल 11 मई को इसी टुकड़े से 695.678 स्क्वायर मीटर जमीन कौशल्या भवन के यशोदा नंदन त्रिपाठी और कौशल किशोर त्रिपाठी ने राम मंदिर ट्रस्ट को मुफ्त में दे दी थी .
आपको बता दें कि इससे पहले क्या खबर आई थी जिस पर विवाद अब भी जारी है...सपा नेता पवन पांडे और AAP सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि 1.208 हेक्टेयर जमीन पहले हरीश पाठक और कुसुम पाठक के द्वारा सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी को दो करोड़ में बेची गई और फिर यह जमीन महज 5 मिनट बाद ही 18.5 करोड़ में राम मंदिर ट्रस्ट के द्वारा खरीद ली गई थी.