Rajya Sabha में बुधवार को हुए बवाल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में तकरार जारी है. दोनों एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. अब राज्यसभा सचिवालय (Rajya Sabha Secretariat) ने हंगामें के उस 63 मिनट का मिनट-टू-मिनट ब्यौरा लिखित में जारी किया है. जिसमें निष्कर्ष के तौर पर कहा गया है कि सारी गलती विपक्ष के सांसदों (Opposition MPs) की है. यहां आपको बता दें कि विपक्ष ने गुरुवार को ही मांग की थी सरकार सेलेक्टिव नहीं पूरा फुटेज जारी करे...लेकिन अब सचिवालय की ओर से लिखित में ही ब्यौरा जारी किया गया.
राज्यसभा सचिवालय की रिपोर्ट में 11 अगस्त की शाम 6 बजकर 2 मिनट से लेकर शाम 7 बजकर 5 मिनट का पूरा ब्यौरा दर्ज है. रिपोर्ट के मुताबिक ठीक 6 बजकर 2 मिनट पर TMC सांसद डोला सेन (TMC MP Dola Sen) ने अपनी ही पार्टी की सांसद शांता छेत्री के गले में स्कार्फ का फंदा डाला और नारेबाजी करने लगीं. 6 बजकर 4 मिनट पर दोनों सांसद हंगामा करते हुए वेल में पहुंच गईं. ठीक इसके 4 मिनट बाद यानि 6 बजकर 8 मिनट पर कांग्रेस सांसद फूलो देवी ने कागज फाड़े और हाउस की टेबल की तरफ फेंके. एक मिनट बाद कांग्रेस सांसद छाया वर्मा ने भी पेपर फाड़ के फेंके. 6 बजकर 10 मिनट पर कुछ और सांसदों ने टेबल से पेपर छीनने शुरू कर दिए.
इसके अलावा राज्यसभा स्थगित होने पर टीएमसी सांसद डोला सेन ने सदन के नेता पीयूष गोयल (Piyush Goyal) और संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी (Prahlad Joshi) का रास्ता रोका.
हालांकि सचिवालय ने अपनी रिपोर्ट में ये जरूर माना है कि हालात को संभालने के लिए मार्शल्स की अधिकतम संख्या 42 तक पहुंची थी. दूसरी तरफ विपक्ष का कहना है कि राज्यसभा टीवी सरकार का है और क्या दिखाना है यह सरकार तय करती है. सरकार अपने मुताबिक ही ब्यौरे जारी कर रही है. पूरा फुटजे देखें तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.