बीजापुर हमले (Bijapur Attack) में शामिल रहे नक्सलियों ने दावा किया है कि CRPF के कमांडो राजेश्वर उनकी हिरासत में हैं. हमले के बाद से ही कमांडो राजेश्वर (Commando Rajeshwar) लापता हैं और उनकी तलाश जारी है. इस बीच एक स्थानीय पत्रकार गणेश मिश्रा ने दावा किया है कि नक्सलियों ने उनसे संपर्क किया है और कहा कि वो दो दिन में घायल सैनिक को छोड़ देंगे. मिश्रा के मुताबिक उन्हें नक्सलियों की तरफ से दो फोन कॉल आए और उन्होंने कहा कि एक जवान उनकी गिरफ्त में है. नक्सलियों के मुताबिक जवान को गोली लगी है और उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया है.
नक्सलियों ने घायल जवान का वीडियो और फोटो भी जल्द जारी करने की बात कही है. इस बीच खबर ये भी है कि कमांडो राजेश्वर को लेकर नक्सली सरकार से कुछ सौदेबाजी भी कर सकते हैं. वहीं राजेश्वर का परिवार उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए पीएम और अन्य आला नेताओं से लगातार अपील कर रहा है. आपको बता दें कि राजेश्वर के पिता भी CRPF में थे और उन्हें भी शहादत प्राप्त हुई थी.