महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई ( Mumbai) में मानसूनी बारिश (Heavy rain) जमकर कहर ढा रही है. बीते रविवार से मुंबई में बारिश का दौर (rainfall) जारी है. इस बीच बुधवार को भारी बारिश के चलते उम्बेरमाली रेलवे स्टेशन और कसारा के बीच मुंबई लोकल ट्रेन (Mumbai Local Train) सेवा रोक दी गई. पटरियों पर पानी भरने के कारण इगतपुरी और खारदी के बीच भी ट्रेन सेवा अस्थायी रूप से रोक दी गई है. मध्य रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रनों में पुणे-दरभंगा स्पेशल और सीएसएमटी-वाराणसी स्पेशल का समय बदलना पड़ा.
मंगलवार रात से बुधवार रात दस बजे तक कसारा में 207 मिलीमीटर बारिश हुई. BMC के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में बुधवार दोपहर में बारिश कुछ कम हुई थी लेकिन रात में यह फिर से तेज हो गई. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताते हुए 'रेड' अलर्ट जारी किया है. वहीं IMD ने महाराष्ट्र के पूर्वी विदर्भ क्षेत्र भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, यवतमाल समेत इस क्षेत्र के अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बताया कि यहां भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है.