पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर सभी सियासी दल जनता से नए-नए वादे कर रहे हैं. असम में सत्ता पाने के लिए अब कांग्रेस ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार की तरह मुफ्त बिजली देने का वादा किया है. शुक्रवार को असम के डिब्रूगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनता को 200 यूनिट तक फ्री बिजली देने का वादा किया है. उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार आती है तो हम गारंटी देते हैं कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लागू नहीं होने देंगे. इसके अलावा उन्होंने कहा कि अगर असम में उनकी सरकार बनती है तो 5 लाख लोगों को रोजगार देगी. इसके अलावा महिलाओं को हर महीने 2000 रुपए गृहिणी सम्मान दिया जाएगा. राहुल ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि हमने अपना घोषणापत्र असम की जनता से बात करके बनाया है, बंद कमरों में नहीं बनाया है. बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को गुवाहाटी में असम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे. राहुल ने आरोप लगाया कि राज्य कि मौजूदा सरकार नागपुर के इशारे पर चल रही है और बीजेपी भी यही चाहती है कि उसकी सरकारें नागपुर से चलें.