कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों के लिए मोदी सरकार (Modi government) को जिम्मेदार ठहराया है. पीटीआई ( PTI) को दिए एक इंटरव्यू में राहुल गांधी ने कहा कि आज देश की जो स्थिति है वो भयावह है लेकिन सरकार को इसकी फिक्र नहीं दिखती है. उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को सिर्फ अपनी छवि चमकाने में दिलचस्पी है और वो इसी में लगे हैं. राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और गृहमंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) ने कोराना वायरस फैलाने वाले कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया और उसकी तारीफ की. उन्होंने कहा कि कोरोना की देश में लहर नहीं बल्कि सुनामी है, एक ऐसी सुनामी है जिसने सब कुछ तबाह कर दिया है. भारत अब दुनिया में कोरोना का केंद्र बन गया है. राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार कोरोना से निपटने में पूरी तरह से फेल हो गई है. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी एक ऐसी सरकार चला रहे हैं जो घमंडी है, जिसमें सिर्फ कुछ ही चेहरे हैं. वहां कोई अपनी बात नहीं कह सकता है. वहीं कोरोना वैक्सीन की कमी और इसके दामों को लेकर भी राहुल ने पीएम मोदी को फेल बताया राहुल ने कहा कि वैक्सीन के दामों को लेकर जो हुआ, वो देश ने देखा है. राहुल ने कहा कि भारत अब किसी भी बड़े संकट से नहीं निपट सकता क्योंकि व्यवस्था और संस्थाओं को खत्म करने का काम मौजूदा सरकार ने किया है. उन्होंने प्रेस, न्यायपालिका, चुनाव आयोग, नौकरशाही, पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी ने भी अपनी जो भूमिका थी वो नहीं निभाई है. राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक तूफान में फंसा जहाज जैसा हो गया है.